रायगढ़ जिला कांग्रेस कमेटी ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन के लंबित भुगतान के मुद्दे पर पिछले लगभग छह माह से निरंतर जनसंघर्ष किया। इस दौरान फरवरी माह में कलेक्ट्रेट घेराव कर ज्ञापन सौंपा गया फिर मई महीना में मुख्यमंत्री एवं वित्त मंत्री के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा गया,इसके बाद भी सामाजिक सुरक्षा पेंशन की राशि हितग्राहियों को नहीं मिल पाने की स्थिति में जुलाई माह में पेंशन हितग्राहियों के साथ रायगढ़ विधायक एवं वित्त मंत्री माननीय ओ पी चौधरी जी के निवास कार्यालय का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया गया, साथ ही लगभग 250 पेंशन हितग्राहियों से लंबित पेंशन भुगतान की मांग को लेकर आवेदन भरवाकर जिला प्रशासन को सौंपे गए।
शाखा यादव ने कहा कि प्रदेश भर में हजारों वृद्धजनों, विधवाओं, दिव्यांगजनों एवं अन्य पेंशन हितग्राहियों को महीनों से पेंशन नहीं मिलने के कारण अत्यंत कठिन परिस्थितियों का सामना करना पड़ रहा था। कांग्रेस ने इस जनहित के मुद्दे को लगातार प्रमुखता से उठाया और प्रशासन व भाजपा सरकार का ध्यान आकर्षित करने के लिए लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष किया ,जिसके परिणामस्वरूप नगर पालिक निगम रायगढ़ द्वारा जारी जानकारी के अनुसार वृद्धावस्था, विधवा, दिव्यांग तथा अन्य सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के पात्र 7956 हितग्राहियों के लंबित पेंशन का भुगतान किए जा रहे हैं।
जिला कांग्रेस कमेटी शहर अध्यक्ष शाखा यादव ने कहा कि यह जनदबाव, हितग्राहियों की आवाज और छह माह तक चले निरंतर संघर्ष का सकारात्मक सुखद परिणाम है, जिसके कारण गफलती नींद में सोई भाजपा सरकार को जिला कांग्रेस द्वारा लगातार जगाने का प्रयास किया गया और अंततः भाजपा सरकार को जागना पड़ा और लंबित पेंशन का भुगतान करना पड़ा।
शाखा यादव ने इस जनआंदोलन को सफल बनाने में पेंशन हितग्राहियों, कांग्रेस परिवार के सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं, सामाजिक संगठनों, मीडिया प्रतिनिधियों तथा आम नागरिकों का हृदय से आभार व्यक्त किया है और कहा कि यह किसी राजनीतिक दल की नहीं, बल्कि उन हजारों गरीब,असहाय,निराश्रित,निशक्तजन जरूरतमंद लोगों के अधिकार की जीत है जिनकी आजीविका का महत्वपूर्ण आधार सामाजिक सुरक्षा पेंशन है।
शाखा यादव ने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी यदि किसी गरीब, वृद्ध, विधवा, दिव्यांग अथवा जरूरतमंद नागरिक के अधिकारों का हनन होगा, तो कांग्रेस पूरी मजबूती के साथ उनके हक की लड़ाई लड़ती रहेगी और जनहित के मुद्दों पर संघर्ष कभी नहीं रुकेगा।






