योग दिवस पर राज्यपाल रमेन डेका ने रायपुर में किया योगाभ्यास, कहा- योग भारत की अनमोल परंपरा और समृद्ध जीवनशैली का प्रतीक

indrapal
previous arrow
next arrow

रायपुर/बलौदाबाजार. छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर राजधानी रायपुर स्थित इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय (IGKV) परिसर में आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों, अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों ने भाग लेकर योगाभ्यास किया.

राज्यपाल रमेन डेका ने अपने संबोधन में कहा कि योग भारत की अनमोल परंपरा और समृद्ध जीवनशैली का प्रतीक है. वर्तमान समय की भागदौड़ और तनावपूर्ण जीवनशैली में स्वस्थ एवं संतुलित रहने का सबसे सरल और प्रभावी उपाय योग है. उन्होंने कहा कि योग केवल शरीर को ही नहीं, बल्कि मन और भावनाओं को भी सुदृढ़ बनाकर व्यक्ति के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है. कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल ने इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय परिसर में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया.

कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, विधायक अनुज शर्मा, राजेश मूणत, पुरंदर मिश्रा, सुनील सोनी और महापौर मीनल चौबे ने शिरकत की. जनप्रतिनिधियों ने आम नागरिकों के साथ योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया. योग दिवस कार्यक्रम में विभिन्न योगासन और प्राणायाम किए गए. आयोजन का उद्देश्य लोगों को योग के प्रति जागरूक करना और स्वस्थ एवं संतुलित जीवन के लिए प्रेरित करना रहा.

  • Top Search